
दमोह। जिले में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। इसी क्रम में होली त्यौहार के कुछ दिन पहले ही आज 28 फरवरी की सुबह पथरिया थाना अंतर्गत जेरठ चौकी के ग्राम हिनौता घाट में दो लोगों की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी लगते ही पूरा पुलिस बल अलर्ट मोड पर आ गया है। इधर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह दलबल के साथ जिला चिकित्सालय से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

घटना के बाद घायल रामसेवक शुक्ला उम्र 65 वर्ष और राम नाथ शुक्ला उम्र 68 वर्ष को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। परिजनों ने घटना का कारण जमीनी विवाद बताया है। घटना के बाद गोली मारने वाले सभी आरोपी फरार हो गए हैं।